राजस्थान में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल करा दिया है, लेकिन मौसम ने अचानक करवट लेकर कुछ राहत भी दी है। सोमवार को जाहां दिनभर तेज लू चली, वहीं दोपहर बाद कई जिलों में आंधि, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। इस बीच सरकार ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला कलेक्टरों को स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का अधिकार दे दिया है।
सबसे ज्यादा चर्चा जैसलमेर की रही, जहां अप्रैल महीने का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान 46.4°C दर्ज किया गया। इससे पहले 18 अप्रैल 2025 को 46.3°C तापमान रिकॉर्ड हुआ था। इस नए रिकॉर्ड ने गर्मी की गंभीरता को और बढ़ा दिया है।
वहीं राजधानी जयपुर भी लू की चपेट में रहा। यहां तापामान 43.5°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा है। दिनभर की तपिश के बाद शाम को मौसम बदला और कई इलाकों में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। शहर में गर्मी से राहत देने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव भी किया गया।
मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया है। इसके असर से हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे।
इसके अलावा चूरू, झुंझुनूं, सीकर, अलवर और नागौर में भी शाम के समय धूलभरी हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 28 अप्रैल के लिए राज्य के 11 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 2 जिलों में हीटवेव की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट सभव है, लेकिन लू से पूरी राहत अभी नहीं मिलेगी।
सरकार द्वारा जिला कलेक्टरों को दिए गए अधिकार के बाद अब स्थानीय हालात को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां घोषित की जा सकेंगी, जिससे बच्चों को भीषण गर्मी से बचाया जा सके।