बालोतरा जिले में एक मामूली सड़क विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां बाइक और ट्रक के बीच हल्की सी टक्कर के बाद गुस्साए युवकों ने 6 किलोमीटर तक पीछा कर ट्रक ड्राइवर की पत्थर मारकर हत्या कर दी।
घटना गुड़ामालानी रोड पर खरड़ गांव के पास बुधवार रात करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, ईसरोल निवासी ट्रक ड्राइवर विशनाराम (40) बाड़मेर से गाड़ी खाली कर अपने ससुराल लोहरवा जा रहा था। इसी दौरान नेशनल हाईवे-68 से गुड़ामालानी रोड की ओर मुड़ते समय ट्रक का एक बाइक से हल्का टच हो गया।
हालांकि इस टक्कर में बाइक सवार दोनों युवकों को कोई चोट नहीं आई, लेकिन वे गुस्से में आ गए और ट्रक ड्राइवर से बहस करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने समझाइश कर मामला शांत करवा दिया, जिसके बाद ड्राइवर अपनी राह पर निकल गया।
लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। गुस्साए बाइक सवार युवकों ने करीब 6 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया और सुनसान जगह पर आगे आकर ट्रक के कांच पर बड़ा पत्थर फेंक दिया। पत्थर कांच तोड़ते हुए सीधे ड्राइवर विशनाराम की गर्दन पर जा लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक में मौजूद खलासी घबरा गया और सड़क से गुजर रहे लोगों से मदद मांगी। सूचना मिलते ही धोरीमन्ना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दे दिया और शव उठाने से इनकार कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों—एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी सुखराम विश्नोई और थानाधिकारी दीपसिंह ने परिजनों से कई दौर की वार्ता कर समझाइश की। देर रात करीब 3 बजे शव को धोरीमन्ना अस्पताल की मोर्च्यूरी में शिफ्ट किया गया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए फोटो जारी की है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक काले रंग की बाइक पर सवार थे। एक युवक नीले रंग की प्रिंटेड शर्ट में था, जबकि पीछे बैठे युवक ने काला शर्ट और टोपी पहन रखी थी। दोनों की उम्र करीब 20 से 25 साल बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।