जोधपुर
पेट्रोल पंप के आगे खड़ी कार में अचानक लगी आग , व्यापारी की मौत!
रविवार को जोधपुर में पेट्रोल पंप के आगे खड़ी एक कार में आग लगने से एक व्यापारी की जिंदा जलने की दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि व्यापारी पेट्रोल पंप के पास कार खड़ी करके सीट पर लेटा हुआ था।इस दौरान अचानक कार में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और जिसके चलते कार बैठे व्यापारी बाहर निकलता उससे पहले ही जिंदा जल गया।
बोरानाडा थाना क्षेत्र के भांडु पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी मारुति 800 कार में आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक सवार व्यापारी की मौत हो गई। घटना रविवार करीब 12 बजे की है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। कार में आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस ने कार के नम्बर के आधार पर मृतक की शिनाख्त धोरीमन्ना (बाड़मेर) निवासी भरत के रूप में की है। हालांकि वह जोधपुर के बासनी में रह रहा था। पहचान कंफर्म करने के लिए परिजनों को बुलाया गया है। डीएनए सैंपल के आधार पर भी पहचान की जाएगी।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार सड़क के साइड में खड़ी थी। व्यापारी सीट को पीछे करके आराम करने के लिए लेटा हुआ था। इस दौरान अचानक गाड़ी में आग लग गई जिससे गाड़ी में सवार की जिंदा जलने से मौत हो गई। फिलहाल गाड़ी में आग लगने का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने इस मामले में जाँच पड़ताल शुरू कर दी है।
