बाड़मेर
भजन गायक छोटूसिंह रावणा की रिपोर्ट पर शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी के खिलाफ मामला दर्ज , सीआईडी सीबी करेगी मामले की जांच
सोशल मीडिया पर एक कमेंट को लेकर शिव के निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी और प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा के बीच उपजा विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। भजन गायक छोटूसिंह ने एक दिन पूर्व बुधवार को शिव में रावणा राजपूत समाज व समर्थकों के साथ विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस थाने पहुंचकर विधायक भाटी सहित अज्ञात जनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब छोटू सिंह ने सोशल मीडिया पर विधायक भाटी से जुड़ी एक पोस्ट पर कमेंट किया था। छोटूसिंह का आरोप है कि 27 मार्च की शाम को विधायक ने उन्हें फोन कर धमकाया था।
भजन गायक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दो-तीन सालों से लगातार विधायक रविंद्रसिंह भाटी, उनकी टीम ओर ग्रुप का नाम लेकर धमकियां आ रही है। दो तीन दिन पहले रविन्द्र सिंह भाटी ने फोन पर धमकाकर इसकी पुष्टि भी कर दी है कि बिल्कुल धमकियां उन्ही की हो सकती है। रावणा ने कहा कि विधायक जो छोटी सी बात को लेकर पूरे समाज को तोड़ने और गाली दे रहे हैं, वो बर्दाश्त नहीं कर सकते है। उनके समर्थक भी लगातार उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर बयानबाजी कर रहे है।
इधर शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी के मुताबिक राजनीति में षड़यंत्र चलते रहते हैं। उनका कहना है कि मुझे भारतीय कानून व्यवस्था पर पूरा भरोसा हैं।
शिव थाना पुलिस ने छोटूसिंह की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। शिव थानाधिकारी सत्यप्रकाश विश्नोई के मुताबिक गायक छोटूसिंह की रिपोर्ट के आधार पर विधायक भाटी के खिलाफ बीएनएस की धारा 352 और 79 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने सबूत के तौर पर एक पेन ड्राइव और जरूरी दस्तावेज पेश किए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। विधायक होने के कारण इस प्रकरण की जांच सीआईडी सीबी करेगी।
