बाड़मेर में शनिवार को कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा 2026 कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित हुई। जिले के 8 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे परीक्षा शुरू हुई, लेकिन इससे पहले ही सुबह 9 बजे से अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
परीक्षा आयोजन राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा किया जा रहा है। परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और सभी केंद्रों पर पुलिस जाब्ता, महिला पुलिसकर्मी और निगरानी के लिए वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई।
एंट्री से पहले अभ्यर्थियों की सख्ती से जांच की गई। इस दौरान कई अभ्यर्थियों को ड्रेस और आभूषणों के कारण रोका गया। एमबीसी गर्ल्स कॉलेज केंद्र पर एक अभ्यर्थी कान में लौंग पहनकर पहुंची, जिसे पुलिस ने उतरवाया। वहीं एक अन्य अभ्यर्थी की पैंट की जेब पर बड़ा बटन होने के कारण उसे एंट्री से रोक दिया गया। बाद में अभ्यर्थी ने बटन तोड़कर हटाया, तब जाकर उसे प्रवेश मिला।
सेंटरों पर चूड़ियां, बाली और अन्य आभूषण भी उतरवाए गए। इसके अलावा फिजिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया गया। प्रशासन ने नकल रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त गाइडलाइन लागू की।