बालोतरा

सिवाना के इतिहास को सहेजने की पहल, कुमटाल दुर्ग की तलहटी में बनेगा पैनोरमा


बालोतरा जिले सिवाना के समृद्ध इतिहास और गौरवशाली विरासत को संरक्षित एवं प्रदर्शित करने की दिशा में राजस्थान सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य के कैबिनेट मंत्री ओंकार सिंह लखावत ने सिवाना का दौरा कर प्रस्तावित पैनोरमा स्थल का निरीक्षण किया।

दौरे के दौरान मंत्री ओंकार सिंह लखावत ने कुमटाल दुर्ग की तलहटी में प्रस्तावित पैनोरमा निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने पर विशेष जोर देते हुए प्रारंभिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर सिवाना के ऐतिहासिक महत्व, पर्यटन की अपार संभावनाओं और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। मंत्री लखावत ने कहा कि पैनोरमा निर्माण से न केवल सिवाना के इतिहास को नई पहचान मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना से जुड़े सभी पहलुओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि सिवाना की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने का यह प्रयास जल्द ही धरातल पर नजर आए।


सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल का कहना है कि वीर दुर्गादास जी की कर्मस्थली तथा सिवाना के प्रथम शासक वीर नारायण परमार जी की गौरवगाथा से समृद्ध सिवाना की ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में राजस्थान सरकार द्वारा पैनोरमा निर्माण की महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री ओंकार सिंह लखावत ने शनिवार को सिवाना का दौरा कर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान सिवाना दुर्ग की तलहटी में प्रस्तावित पैनोरमा निर्माण कार्य की संभावनाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। 

साथ ही, परियोजना को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के लिए प्रारंभिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ संवाद कर स्थानीय ऐतिहासिक महत्व, पर्यटन संभावनाओं तथा क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।