यह कार्रवाई बालोतरा डीएसटी और सिणधरी पुलिस ने संयुक्त रूप से चाडो की ढाणी गांव में बीती रात को की। पुलिस को पहले ही सूचना मिल गई थी कि जालोर की ओर से डोडा-पोस्त से भरी एक स्कॉर्पियो सिणधरी की तरफ आ रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जालोर स्टेट हाईवे पर जाल बिछाते हुए सड़क पर कीलें डाल दीं।
जैसे ही संदिग्ध स्कॉर्पियो वहां पहुंची, उसके टायर पंचर हो गए। इसके बावजूद तस्कर करीब 200 मीटर तक गाड़ी चलाकर ले गए। इसके बाद उन्होंने गाड़ी को छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों में भाग निकले।
पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया, लेकिन तस्कर पकड़ में नहीं आए। मौके पर छोड़ी गई स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक के कट्टों में भरा हुआ 4 क्विंटल 29 किलो अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर क्रेन की मदद से थाने पहुंचाया। फिलहाल तस्करों की तलाश जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
