बाड़मेर।




राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को बालोतरा जिले के पचपदरा में पीएम मोदी के प्रस्तावित 21 अप्रैल के कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारी का जायजा लिया। राठौड ने सभा स्थल पर पहुंचकर तैयारी का निरीक्षण करने के साथ ही कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, जनसुविधाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों को लेकर विस्तृत समीक्षा की।


इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल, मानवेंद्रसिंह जसोल बालोतरा भाजपा जिलाध्यक्ष समेत कई नेता मौजूद रहे। 



भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बहुत ही शानदार तैयारियां की जा रही है। जनता देश के प्रधानमंत्री को देखने और सुनने के लिए आतुर है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बहुत सौगात देने जा रहे हैं। यह रिफाइनरी न केवल राजस्थान अपितु पूरे हिंदुस्तान के लिए बहुत बड़ा वरदान साबित होगी।



राठौड़ ने कहा कि आखातीज त्यौहार है लेकिन यह सबसे बड़ा त्यौहार है। जिससे 8 हजार करोड़ की रेवेन्यू प्रतिवर्ष राजस्थान की जनता को मिलने वाली है। 90 हजार लोगों प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा त्यौहार क्या होता है। 

डोटासरा के आरोपों पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि उनके मन में छुरियां चल रही होगी। वो सोच रहे होंगे कि इतनी बड़ी सौगात देने जा रहे हैं तो उनकी दुकान उठने वाली है। इसलिए उनको भय सता रहा है। उन्होंने कहा कि हमने कोई बसों को केंसिल नही की है। इस कार्यक्रम के लिए लोग उमड़ घुमड़ कर आ रहे। तंज कसते हुए कहा कि अब डोटासरा जी के भीड़ नही आ रही है, तो हम क्या कर सकते है।

राठौड़ ने दावा करते हुए कहा कि दो ढाई लाख से अधिक लोग आएंगे। उन्होंने कहा कि इस इलाके के लोगों में उत्साह है और लोग बहुत खुश है क्योंकि यह रिफाइनरी वरदान साबित होगी।