बाड़मेर।


शुक्रवार को पंचायतीराज दिवस के अवसर पर शिव विधानसभा क्षेत्र के उण्डू में कांग्रेस द्वारा “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” कार्यक्रम के तहत आमसभा आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके उण्डू पहुंचने पर आमजन व कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

सभा को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में सरकार बने करीब ढाई साल हो चुके हैं, लेकिन सरकार अपने वादों को पूरा करने में असफल रही है, जिससे आम लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है।

डोटासरा ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायतीराज चुनाव समय पर नहीं करवाए जा रहे हैं, जिससे लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और जल्द से जल्द चुनाव करवाने की मांग कर रही है।

कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेह ख़ान ने गोविंद सिंह डोटासरा सहित पधारे सभी वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आमजन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बाड़मेर-जैसलमेर-बालोतरा सांसद उमेदाराम बेनीवाल, मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व पोकरण विधायक शालेमोहम्मद, पूर्व मंत्री सुखराम बिश्नोई, बाड़मेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा, पूर्व शिव विधायक अमीन ख़ान, पूर्व चौहटन विधायक पदमाराम मेघवाल, पूर्व विधायक रूपाराम मेघवाल, गफ़ूर अहमद, अंजना मेघवाल सहित कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं व आमजन ने संगठन को मजबूत बनाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।