घटना सुबह करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, बाड़मेर से धनाऊ की ओर जा रही रोडवेज बस के आगे चल रही एक पिकअप ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बस बेकाबू हो गई और ड्राइवर सीट से नीचे गिर गया। बस अनियंत्रित होकर आगे बढ़ने लगी, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
इसी दौरान ड्राइवर के पास बैठे कांस्टेबल जेठाराम ने बिना समय गंवाए स्टेयरिंग संभाल लिया। उन्होंने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ब्रेक सही से काम नहीं कर रहे थे। हालात को भांपते हुए उन्होंने बस को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बस करीब 150 मीटर दूर जाकर एक पेड़ से टकराकर रुक गई।
बस में उस समय 35-40 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं अधिक थीं। बस रुकने के बाद कांस्टेबल ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।
घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। कांस्टेबल जेठाराम ने बताया कि वह ड्यूटी के लिए धनाऊ थाना जा रहा था और ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठा था। सही समय पर निर्णय लेने से बड़ा हादसा टल गया।
