पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ इलाके में शनिवारा सुबह एक बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध हालात में मौत का मामाला सामने आया है। घर में सो रहे पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के पैरों से चांदी के कड़े गायब होने के बाद लूत के इरादे से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना मोहनगढ़ से करीब 65 किलोमीटर दूर भील बस्ती की है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे सबसे पहले मृतक का भांजा चंदाराम घर पहुंचा। घर के अंदर का दृश्य देखकर उसाके होश उड़ गए। लाखाराम का शव आंगन में पड़ा था, जबकि उनकी पत्नी रेशमा का शव कमरे के अंदर मिला। इसके बाद उसने तुरंत गांव वालों को सूचना दी।
मृतकों की पहचान लाखाराम (90) पुत्र पहलादराम और उनकी पत्नी रेशमा (85) के रूप में हुई है। दोनों के कोई संतान नहीं थी और वे घर में अकेले रहते थे।
सूचना मिलते ही मोहनगढ़ थाना प्रभारी बाबूराम डेलू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेशमा के पैरों में पहने चांदी के कड़े गायब हैं। वहीं घर के आसपास कुछ पैरों के निशान भी मिले हैं, जिससे लूट के इरादे से वारदात की आशंका जताई जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि दोनों के शव घर के भीतर मिले हैं। प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दोनों शवों को मोहनगढ़ ले जाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।