बाड़मेर
बाड़मेर में कांग्रेस कार्यालय की जमीन को लेकर लगातार विवाद बढ़ता जा रहा है। इस बीच अब भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। खारा ने सीएम से इस पूरे मामले की जांच करने की मांग की है।
बाड़मेर में कांग्रेस कार्यालय के लिए आवंटित भूमि (खसरा संख्या 2505/1189) को लेकर कई गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा ने कहना है कि वर्ष 2023 में करीब 1999.90 वर्गमीटर भूमि का पट्टा जारी किया गया, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में भूमि की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। इसके बावजूद तत्कालीन सरकार द्वारा यह पट्टा जारी किया गया। उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखकर जांच की मांग की थी।
खारा के मुताबिक मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को तुरंत जांच के निर्देश दिए हैं और जांच अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। खारा ने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करेगा और यदि अनियमितता पाई जाती है तो पट्टा निरस्त किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बाड़मेर के सर्किट हाउस के पास कांग्रेस कार्यालय की आवंटित जमीन को लेकर इन दोनों मामला चर्चाओ ने बना हुआ है। कुछ लोगों का कहना है कि यह जमीन उनकी है तो वहीं कांग्रेस का कहना है कि यह उनके कार्यालय के लिए जमीन आवंटित है।
ऐसे में कांग्रेस पार्टी द्वारा उसे जमीन पर बाउंड्री का कार्य करवाया जा रहा है। इस कार्य को कई बार रुकवाया भी गया। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पर टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन मौखिक शिकायतों पर बार-बार काम को रुकवा कर बेवजह परेशान कर रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण गोदारा का कहना है कि वर्ष 2023 में कांग्रेस सरकार के दौरान बाड़मेर कांग्रेस कार्यालय के लिए सर्किट हाउस के पास जमीन को आवंटन किया गया था। नगर परिषद ने 1999 वर्ग फ़ीट का पट्टा भी जारी किया है। बावजूद इसके हमारे जमीन की बाउंड्री के निर्माण कार्य को बार-बार रुकवा कर हमें परेशान किया जा रहा है।
उनका आरोप है कि प्रशासन के पास तथ्यात्मक बात नहीं है मौखिक शिकायतों पर बार-बार हमारे काम को रुकवाया जा रहा है। उनका कहना है कि फिलहाल हम जमीन पर बाउंड्री का काम करवा रहे हैं भवन निर्माण का कार्य जब परमिशन मिलेगी उसके बाद ही शुरू किया जाएगा।
