बाड़मेर।
थार नगरी बाड़मेर में पिछले कई दिनों से गर्मी का पारा चढ़ हुआ है। जिसके कारण भीषण गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। इस बीच रविवार देर शाम के बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। बारिश के साथ आसमान से ओले भी गिरे। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरने के समाचार है। अचानक बदले मौसम के बाद लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
मई माह शुरू होते ही बाड़मेर में सूरज की तेज गर्मी और लू के थपेड़ों का असर बढ़ गया है। यहां पारा 44 डिग्री के पार पहुँच गया है। सूरज की तेज तपिश की वजह से गर्मी में लोगो के पसीने छूट रहे है। बाड़मेर में गर्मी की वजह से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन के साथ अब रातें भी गर्म रहने लगी हैं। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंचने से रात में भी गर्मी बनी रहती है और लोगों को आराम नहीं मिल रहा है।
इस बीच रविवार देर शाम को अचानक बाड़मेर में मौसम ने करवट बदली। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में हवाओं के साथ अचानक बारिश का दौर शुरू हुआ। बारिश के साथ आसमान में ओले भी गिरे, शहर से ज्यादा ग्रामीण इलाकों में बारिश तेज और बड़े बड़े ओले गिरे। बारिश की वजह से शहर में बिजली गुल होने की वजह से अंधेरे में आसमान से गिरे ओले सड़क पर बिखरे मोतियों की तरह चमकते हुए नजर आए।
अचानक हुई बारिश के बाद सड़के तरबतर हो गई। अचानक बारिश और ओले गिरने की वजह से सड़कों पर आने जाने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल बाड़मेर में तेज हवाओं के साथ ग्रामीण इलाकों में बारिश का दौर चल रहा है। तेज हवाओं की वजह से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलती नजर आ रही है।
