कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 993 रुपए की भारी बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद राजस्थान में यह सिलेंडर 2106 रुपए से बढ़कर सीधे 3099 रुपए हो गया है। इस अचानक हुई बढ़ोतरी से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर सीधा असर पड़ेगा।
इतना ही नहीं, मजदूरों, स्टूडेंट्स और गरीब तबके के लिए इस्तेमाल होने वाले 5 किलोग्राम के ‘छोटू’ सिलेंडर की कीमतों में भी बड़ा इजाफा किया गया है। पहले यह सिलेंडर 592 से 616 रुपए के बीच मिल रहा था, लेकिन अब इसमें 241 रुपए की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 833 से 857 रुपए तक पहुंच गई है। इससे निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए रसोई का खर्च और बढ़ना तय है।
राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत के अनुसार, तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया है और नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग के 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह सिलेंडर अभी भी 916.50 रुपए में ही उपलब्ध रहेगा।
अगर पूरे साल की बात करें तो 2026 में अब तक कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में कुल 1490 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर तक जो सिलेंडर 1669 रुपए में मिल रहा था, वह अब 1 मई तक बढ़कर 3099 रुपए हो गया है। जनवरी से अप्रैल तक हर महीने लगातार कीमतों में इजाफा हुआ, जिसने व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
