राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने ईरान–इजरायल–अमेरिका विवाद के बीच संभावित ईंधन संकट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नागौर सहित राजस्थान के कई क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों के ड्राई होने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं।
बेनीवाल ने लिखा कि आम जनता को घंटों लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें ईंधन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर सरकार ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्थिति इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। उन्होंने पूछा कि यदि सब कुछ सामान्य है, तो फिर यह संकट क्यों पैदा हो रहा है?
उन्होंने इस स्थिति को केवल असुविधा नहीं, बल्कि गंभीर संकट करार देते हुए कहा कि इसका सीधा असर किसानों, व्यापारियों और आम जनजीवन पर पड़ रहा है। बेनीवाल के अनुसार, यह हालात सरकार की नाकामी को दर्शाते हैं और केवल बयानबाजी से समस्या का समाधान संभव नहीं है।
उन्होंने विशेष रूप से किसानों की चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान समय में किसान खेतों की जुताई में जुटे हुए हैं, ऐसे में ईंधन की कमी उनके काम को प्रभावित कर रही है। कई स्थानों पर किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बेनीवाल ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह इस स्थिति का तत्काल संज्ञान लेकर ईंधन आपूर्ति श्रृंखला को सुचारु करे, ताकि आम जनता और किसानों को जल्द राहत मिल सके।