बालोतरा एसपी रमेश ने बताया कि 14 अप्रैल की सुबह जसोल थानाधिकारी शारदा विश्नोई को सूचना मिली कि कनाना गांव में पुराने डाक बंगले की छत पर एक अधेड़ महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि कनाना निवासी धूड़ाराम जोगी ने अपनी पत्नी कालीदेवी की हत्या की है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों को बुलाया गया। महिला के बेटे रमेश ने हत्या का मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। एएसपी हरफूलसिंह और डीएसपी अनिल पुरोहित के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिरों और तकनीकी सहायता के जरिए आरोपी का पीछा किया और आखिरकार उसे जोधपुर से पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि कालीदेवी को करीब एक साल पहले नाता प्रथा के तहत आरोपी अपने साथ लेकर आया था। घटना वाले दिन दोनों के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकार पत्नी की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के इरादे से पुराने डाक बंगले की छत पर डाल दिया और फरार हो गया। हालांकि पुलिस की सतर्कता से तीन दिन के भीतर ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
