पुलिस के अनुसार, इंदिरा देवी मंगलवार रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई थी। बुधवार सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह फंदे से लटकी हुई थी। घटना के समय उसका पति मदन घर पर मौजूद नहीं था।
मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि, मृतका के पीहर पक्ष ने इस मामले को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार दिया है।
मृतका के चाचा वीरदाराम का आरोप है कि इंदिरा की शादी तीन साल पहले आटे-साटे की प्रथा के तहत मदन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसे पति, देवर और सास द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार समझाइश के बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है, और पैर जमीन से लगे होना इस बात की ओर इशारा करता है।
सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम ने बताया कि शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर पति, देवर और सास के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच डीएसपी चौहटन जेठाराम द्वारा की जा रही है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, जिसमें सुसाइड नोट, घटनास्थल की स्थिति और परिजनों के आरोप शामिल हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
