बाड़मेर।

बुधवार को भामाशाह और समाजसेवी स्व.तनसिंह चौहान की जयंती के अवसर पर उनके सुपुत्र जोगेंद्रसिंह चौहान ने दिव्यांग लीला कंवर के घर पहुँचकर 11 लाख रुपए की सहयोग राशि भेंट की। इस दौरान एडीएम राजेन्द्र सिंह चांदावत , बाड़मेर एसडीएम आईएएस यथार्थ शेखर , राष्ट्रीय स्वयंसेवा संघ के मनोहर लाल बंसल, रेंवतसिंह चौहान समेत कई लोग मौजूद रहे। 



भामाशाह स्वर्गीय तन सिंह चौहान की जयंती के अवसर पर बुधवार को बाड़मेर में उनके परिवार द्वारा सादगीपूर्ण तरीके से मनाते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही चौहान परिवार की ओर से दिव्यांग लीला कंवर की आर्थिक मदद भी की गई। बुधवार शाम को भामाशाह जोगेंद्र सिंह चौहान ने दिव्यांग लीला कंवर की आर्थिक रूप से मदद करने के लिए कदम बढ़ाते हुए 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का चैक घर जाकर सुपुर्द किया। आर्थिक मदद के लिए लीला ने भी चौहान परिवार का आभार व्यक्त किया। 


दरअसल बाड़मेर जिले की रहने वाली लीला जब चौथी क्लास में थी तो वह अपने खेत में खेल रही थी। इस दौरान विद्युत पोल के तार के संपर्क में आने से उसे करंट लग गया इस हादसे की वजह से लीला के दोनों हाथ काटने पड़े। इस हादसे के कुछ साल बाद लीला को बिजली विभाग की ओर से आर्थिक सहायता मिली थी। पिता भुरसिंह ने लीला के भविष्य को संवारने के चक्कर मे एक एजेंट की बातों में आकर वर्ष 2017 में मुआवजे की राशि नवजीवन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी नामक निजी बैंक में जमा करवाई थी लेकिन, सोसायटी उठ गई और वो रुपए नहीं डूब गए।



इतना कुछ होने के बाद भी लीला ने हिम्मत नहीं हारी ओर अपने पैरों लिखकर कई एग्जाम दिए और अपना ग्रेजुएशन कंप्लीट किया। इसके बाद बीएसटीसी में नंबर भी आया लेकिन प्रवेश के बाद कॉलेज ने दोनों हाथ नहीं होने के कारण कॉलेज ने प्रवेश रद्द का कर दिया। इतना सब हो जाने के बाद लीला ने प्रशासन से लगाकर हर कहीं गुहार लगाई। लेकिन, कहीं से कुछ मदद ना मिली। फिलहाल, लीला कंपटीशन की तैयारी कर रही है।

भामाशाह जोगेंद्र सिंह और राजेंद्र सिंह ने बुधवार को पिता स्व तनसिंह चौहान की जयंती के अवसर सच्ची श्रद्धांजलि देते हुए जरूरतमंद दिव्यांग लीला कंवर की आर्थिक मदद करने का पुनीत कार्य किया।