सभा स्थल पर 100 से ज्यादा लाउडस्पीकर लगाए जा रहे हैं, ताकि अंतिम छोर पर बैठे लोगों तक भी पीएम की आवाज साफ पहुंच सके। वहीं, क्रेनों की मदद से तीन बड़े-बड़े डोम तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें हर डोम में 35 ब्लॉक होंगे। प्रत्येक ब्लॉक में करीब 1600 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौर के अनुसार, इस सभा में करीब 2 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। भीषण गर्मी को देखते हुए सैकड़ों पंखे और करीब 100 कूलर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
पार्किंग और ट्रैफिक का खास प्लान
सभा में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बड़े स्तर पर पार्किंग व्यवस्था की है। 10 से 15 हजार दोपहिया और करीब 4 हजार चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग रूट से पार्किंग की सुविधा बनाई गई है। पूरा ट्रैफिक सिस्टम मॉनिटरिंग में रहेगा।
बालोतरा जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और HPCL की टीम लगातार तैयारियों में जुटी है।
एयरपोर्ट से रिफाइनरी तक खास मूवमेंट
पीएम मोदी बाड़मेर के उत्तरलाई एयरपोर्ट पर विशेष विमान से पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे रिफाइनरी के हेलीपैड जाएंगे। वहां करीब एक घंटे तक रिफाइनरी की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करेंगे।
इस दौरान केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और HPCL के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
एलईडी और बैठने की हाईटेक व्यवस्था
सभा स्थल के अंदर और बाहर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि दूर बैठे लोग भी कार्यक्रम को आसानी से देख सकें। करीब 1.7 से 1.8 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, जबकि कुल भीड़ 2 लाख तक पहुंचने का अनुमान है।
बालोतरा, बाड़मेर और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है।
