प्रधानमंत्री मोदी 21 अप्रैल को राजस्थान को देंगे रिफाइनरी की सौगात, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पचपदरा में तैयारियों को परखा
बालोतरा/जयपुर। राजस्थान के औद्योगिक भविष्य और ऊर्जा क्षेत्र के लिए 21 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालोतरा के पचपदरा में देश के पहले 'इंटीग्रेटेड रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स' का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस भव्य आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं पचपदरा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) April 13, 2026
रिफाइनरी से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह रिफाइनरी केवल एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि राजस्थान को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का एक बड़ा कदम है। उन्होंने क्रूड डिजिटेशन यूनिट और मेन कंट्रोल रूम का अवलोकन किया और वहां मौजूद इंजीनियरों व प्रतिनिधियों से संवाद कर उनका अनुभव जाना। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के हजारों नए द्वार खुलेंगे।
भीषण गर्मी को देखते हुए पुख्ता इंतजाम के निर्देश
मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। चूंकि अप्रैल का महीना है और मारवाड़ में गर्मी का असर तेज रहता है, इसलिए उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले आमजन के लिए शुद्ध पेयजल और छाया की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने यातायात पुलिस को पार्किंग और रूट चार्ट को लेकर समन्वय बनाने को कहा ताकि जनता को परेशानी न हो।
सांस्कृतिक रंग में रंगेगा आयोजन स्थल
मुख्यमंत्री ने इच्छा जताई कि प्रधानमंत्री के इस दौरे पर आयोजन स्थल की सजावट में राजस्थान की गौरवशाली कला और संस्कृति की झलक दिखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी आगंतुक यहां आएं, वे राजस्थान की ऐतिहासिक परंपराओं से रूबरू हो सकें।
यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के आगामी 21 अप्रैल को पचपदरा आगमन और रिफाइनरी के ऐतिहासिक लोकार्पण समारोह की तैयारियों को लेकर आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री @madanrrathore जी के साथ देवतुल्य कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर इस कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने को… pic.twitter.com/5YuVPzUq9D
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) April 13, 2026
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान उनके साथ पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग राज्य मंत्री केके बिश्नोई, सांसद मदन राठौड़, लुंबाराम चौधरी सहित कई विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। हेलीपैड पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
