बालोतरा।

21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान के बालोतरा जिले में दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान भी पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण कर देश को बड़ी सौगात देंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को जोधपुर के संभागीय आयुक्त ने पचपदरा पहुंचकर रिफायनरी का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।




जोधपुर संभागीय आयुक्त आलोक रंजन ने गुरुवार को बालोतरा जिले के दौरे पर पहुंचे इस दौरान उन्होंने पचपदरा पहुंचकर रिफाइनरी का निरीक्षण किया। उन्होंने यह निरीक्षण माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित यात्रा के दृष्टिगत आयोजित किया गया।

संभागीय आयुक्त रंजन ने रिफाइनरी परिसर में प्रस्तावित कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का सघन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने हेलीपैड, वृक्षारोपण स्थल, सभा स्थल, सभा कक्ष एवं नियंत्रण कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल की सुरक्षा, साफ- सफाई, बैठक व्यवस्था, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएं।

इस अवसर पर जोधपुर रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह, अतिरिक्त उपयुक्त (सीआईडी) नरपतसिंह, बाड़मेर एवं जोधपुर के इंटेलिजेंस अधिकारीगण, एडीएम बालोतरा भुवनेश्वर, एडीएम बाड़मेर राजेंद्र सिंह चंदावत, रिफाइनरी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर प्रीतम सिंह, जीएम एचआर श्रवण केसरकर, सीआईएसएफ कमांडेंट रवि कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


उल्लेखनीय है कि 9 मिलियन टन क्षमता वाली इस रिफाइनरी का अधिकतर काम पूरा हो चुका है। इसकी लागत एक लाख करोड़ रुपए के आसपास पहुँच गई है। हालांकि शुरुआत में इसकी लागत कम थी जो कि समय के साथ बढ़ गई है। 21 अप्रैल का दिन राजस्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे। पीएम मोदी के प्रस्तावित पचपदरा दौरे को लेकर प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ है।