बालोतरा।
21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालोतरा जिले के पचपदरा में रिफाइनरी का लोकार्पण कर देश और प्रदेश को बड़ी सौगात देंगे। पचपदरा में प्रस्तावित पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर बालोतरा जिला प्रशासन पिछले कुछ दिनों से लगातार तैयारी में जुटा हुआ है। पीएम मोदी रिफाइनरी लोकार्पण के साथ ही एक सभा को भी संबोधित करेंगे। जिसको देखते हुए क्रेन की मदद से तीन बड़े बड़े डेम बनाए जा रहे है। हर डोम में 35 ब्लॉक है। एक ब्लॉक में 1600 लोग बैठ सकेंगे। करीब दो लाख लोगों को बैठने की व्यवस्था की जा रही है। 400 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे हैं। सभा स्थल पर 100 से ज्यादा लाउडस्पीकर लगाए जा रहे हैं। जिससे सभास्थल के अंतिम छोर पर बैठे लोगों को भी पीएम की आवाज साफ सुनाई दे।
गर्मी के मौसम को देखते हुए सैकड़ों की संख्या में पंखे, 100 कूलर भी मंगवाए गए हैं। पांडाल के अंदर व बाहर तीन बड़ी एलईडी लगाई जाएगी। सभा में बालोतरा, बाड़मेर समेत आसपास के जिलों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में, प्रशासन ट्रैफिक, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।
बालोतरा जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 अप्रैल को आयोजित होने वाली इस भव्य जनसभा में आने वाले आगंतुकों के वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा करने के लिए कुल 09 पार्किंग स्थलों का चयन किया गया है, जहां बड़ी संख्या में वाहनों को सुरक्षित रूप से पार्क किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि सभी पार्किंग स्थल जनसभा स्थल से 1 किलोमीटर के भीतर निर्धारित किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही, इन स्थलों तक पहुंचने के लिए मार्गों का भी सुव्यवस्थित निर्धारण किया गया है।
उन्होने बताया कि पार्किंग स्थलों पर लगभग 12 हजार कारों, 4300 बसों तथा बड़ी संख्या में दुपहिया वाहनों को खड़ा करने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। दुपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
