बाड़मेर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी का करेगे लोकार्पण
राजस्थान सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट पचपदरा रिफाइनरी का लगभग कार्य पूर्ण हो चुका है। वही 21 अप्रैल का दिन राजस्थान के लिए औद्योगिक और आर्थिक रूप से मिल का पत्थर साबित होने जा रहा है।
इस दिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालोतरा जिले के पचपदरा में इस रिफाइनरी का लोकार्पण कर प्रदेश और पूरे देश को बड़ी सौगात देंगे। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खुद की आधिकारिक पुष्टि करते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पचपदरा रिफाइनरी को राजस्थान की भाग्यरेखा करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल मारवाड़ बल्कि पूरे प्रदेश के आर्थिक कायाकल्प की दिशा में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार इस रिफाइनरी के पूर्ण रूप से चालू होने के बाद प्रदेश में निवेश के नए अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 21 अप्रैल 2026 को पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण के लिए वीरधरा राजस्थान पधार रहे हैं। प्रधानमंत्री जी का राजस्थान की समस्त जनता की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।
9 मिलियन टन क्षमता वाली इस रिफाइनरी का अधिकतर काम पूरा हो चुका है। इसकी लागत एक लाख करोड़ रुपए से अधिक लागत की है। हालांकि शुरुआत में इसकी लागत कम थी जो कि समय के साथ बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही 16 जनवरी 2018 को रिफाइनरी कार्य का शुभारंभ किया था। जिसके ठीक आठ साल बाद अब 21 अप्रैल 2026 को इसका उद्घाटन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बालोतरा जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
