राजस्थान के सीकर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सडाक हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार बोलोरो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बोलेरो के नीचे फंस गई और दोनों वाहनों में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना सीकर-उदयपुरवाटी रोड पर शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर भेरुजी स्टैंड के पास सुबह करीब 11 बजे हुई। हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।
पुलिस के अनुसार, पुरोहित का बास, लक्खीपुरा निवासी रामचंद्र गोस्वामी उम्र 39 वर्ष और मुकेश गोस्वामी उम्र 30 वर्ष बाइक से सीकर शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक बोलेरो के नीचे फंस गई और देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई।
हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवक सड़क किनारे गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया। दोनों शवों को एसके हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है।
इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। मृतक मुकेश गोस्वामी तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। मुकेश की चार बेटियां हैं और उसकी पत्नी सुमन गर्भवती हैं। सबसे दुखद बात यह है कि दो महीने बाद 21 जून को उसकी बहन की शादी तय थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।
वहीं, रामचंद्र गोस्वामी के परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं। दोनों परिवारों में इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है।