बाड़मेर।

21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पचपदरा रिफाइनरी लोकार्पण कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिसको लेकर प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ है। पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर पचपदरा में तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है। इस बीच कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियो में आम जनता की खुशियों को कुचला जा रहा है।


बुधवार शाम को कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी 21 अप्रैल राजस्थान के पचपदरा पधार रहे हैं, उनके कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिस तरह से आम जनता की खुशियों को कुचला जा रहा है, वो पूरी तरह अनुचित है।

डोटासरा ने कहा प्रदेश में 19 से 21 अप्रैल तक विवाह के अबूझ सावे हैं। हजारों घरों में तय शादियों में कई महीने पहले से बसें बुक हैं, और व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं। लेकिन भाजपा सरकार इन परिवारों को जबरन परेशानी में डालने का काम कर रही है। 

डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल जी के द्वारा अधिकारियों के जरिए निजी बस ऑपरेटर्स पर दबाव बनाया जा रहा है। कई महीने पहले से बुक इन बसों की बुकिंग को रद्द करवाया जा रहा है, ताकि प्रधानमंत्री के राजनीतिक कार्यक्रम के लिए इन बसों के जरिए भीड़ जुटाई जा सके। 

उन्होंने दावा करते हुए कहा सिर्फ जोधपुर क्षेत्र में ही करीब 2500 बसें पहले से शादियों के लिए बुक थीं, लेकिन अब बस ऑपरेटर्स पर प्रशासनिक दबाव डालकर उन्हें निरस्त कराया जा रहा है। पचपदरा, सिवाना और बायतु में 300-300 बसें जबरन ली जा रही हैं।

इसका सीधा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके घर में शादी है। बसों की बुकिंग रद्द होने के कारण असुविधा, अव्यवस्था और परेशानी का सामना कर रहे हैं। 

डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा भाजपा की पर्ची सरकार को आम लोगों की खुशियों और पारिवारिक कार्यक्रमों में हो रही परेशानी से ज्यादा राजनीतिक भीड़ जुटाने की परवाह है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार द्वारा निजी बस ऑपरेटर्स पर दबाव बनाकर बसें रद्द करना आम लोगों के साथ खुला अन्याय और अनुचित रवैया है।