बाड़मेर।
थार की पावन धरा पर जूना किराडू मार्ग स्थित भव्य एवं ऐतिहासिक माजीसा धाम की प्रथम वर्षगांठ 23 अप्रेल को मनाई जायेगी, वर्षगांठ निमित 22 अप्रेल को रात्रि जागरण का आयोजन होगा व 23 अप्रेल का शोभायात्रा निकलेगी।
माजीसा धाम के प्रथम वर्षगांठ निमित दो दिवसीय आयोजित होने वाले ध्वजारोहण एवं प्रथम वार्षिक सामूहिक मेला प्रसंग को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में “एक शाम मां माजीसा के नाम” भव्य रात्रि जागरण व प्रथम वर्षगांठ के कार्यक्रम के बैनर व पत्रिका का विधिवत विमोचन बुधवार को प्रातः 10.00 बजे माजीसा धाम प्रांगण में श्री माता राणी भटीयाणीजी चेरिटेबल संस्थान व गणमान्य नागरिक व माजीसा भक्तों द्वारा किया गया।
श्री माजीसा धाम के अध्यक्ष सरूपचन्द रणधा ने बताया कि जूना किराडू मार्ग स्थित श्री माजीसा धाम की ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रथम वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई जायेगी, इसी दो दिवसीय कार्यक्रम के बैनर व पत्रिका का विमोचन मन्दिर प्रांगण में बुधवार को प्रात: किया गया। विमोचन कार्यक्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया तथा कार्यक्रम की सफलता की कामना की।
माजीसा धाम सहसचिव गौतम बोहरा ने बताया कि श्री माता राणी भटीयाणीजी चेरिटेबल संस्थान के तत्वावधान में माजीसा धाम मन्दिर की प्रथम वर्षगांठ निमित 22 अप्रैल को रात्रि 08.00 बजे से भव्य रात्रि जागरण का आयोजन किया गया है, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक अनिल सालेचा मुम्बई, माधुरी वैष्णव बालोतरा, विष्णु प्रजापत बालोतरा सहित कई भजनगायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इसके साथ ही 23 अप्रैल को प्रातः 07.30 बजे चोहटन रोड़ माजीसा मन्दिर से भव्य शोभायात्रा, 11.30 बजे महाप्रसादी, दोपहर अभिजित मुहुर्त में मन्दिरों के शिखर पर लाभार्थी परिवार द्वारा धवजारोहण जैसे कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। माजीसा धाम ट्रस्ट द्वारा आमंत्रण पत्रिका वितरण की जा रही है और पुरे बाड़मेर शहर में बैनर लगाए जा रहे हैं।
ट्रस्ट द्वारा प्रथम वर्षगांठ को लेकर तैयांरिया जोरों पर चल रही है। बैनर विमोचन के दौरान माजीसा धाम अध्यक्ष सरूपचन्द रणधा, कुन्दनमल संखलेचा, ताराचन्द संखलेचा, मुकेश धारीवाल, गौतम बोहरा, राणामल धारीवाल, अमृतलाल गोठी, सम्पतराज भंसाली, गौतमचन्द सेठिया, कपिल मालू सहित कई महिलाएं व पुरूष उपस्थित रहे।
