राजस्थान के जोधपुर कमिश्नरेट क्षेत्र से तीन युवतियों के लापता होने का मामला सामने आया है। इन अलग -अलग मामलों को लेकर युवतियों के परिजनों ने अलग -अलग थानों के युवतियों की गुमशुदगी दर्ज करवाई है। हैरानी की बात यह है कि तीनों एक ही दिन लापता हुई। फिलहाल, पुलिस ने मामले दर्ज कर तीनों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सरदारपुरा थाने में एक व्यक्ति ने पुलिस को रिपोर्ट सौंपकर बताया कि गुरुवार सुबह उसकी 16 साल की बेटी किराना की दुकान से सामान लेने गई थी। लेकिन, वह वापस नहीं लौटी। इस बारे में आस पड़ोस के रहने वाले लोगों और रिश्तेदारों से पता भी किया। लेकिन, वह कहीं नहीं मिली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक रमेश विश्नोई को सौंपी है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर जांच पड़ताल में जुट गई है।
विवेक विहार से 19 वर्षीय युवती लापता
दूसरा मामला विवेक विहार थाना क्षेत्र का है। एक महिला ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया है कि उसकी 19 साल की बेटी गुरुवार दोपहर को बिना बताए कहीं चली गई। जिसकी कई जगह तलाश भी की। लेकिन, वह नहीं मिली। पुलिस ने इस दूसरे मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नागौरी गेट से सामने आया तीसरा मामला
इसी तरह तीसरा मामला नागौर गेट थाना क्षेत्र से सामने आया है। एक व्यक्ति ने नागौरी गेट थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी 19 साल की बेटी गुरुवार को घर से निकली थी। जो वापस नहीं लौटी। आस पड़ोस और रिश्तेदारों से पूछताछ करने पर भी उसके बारे में कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर सब इंस्पेक्टर दिनेश मेघवाल को जांच सौंपी है।
