बाड़मेर

गर्मियों की दस्तक के साथ जलदाय विभाग का बड़ा अभियान शुरू, आईएएस अधिकारी ने जिले में जांचे सैकड़ों हैंडपम्प 



रविवार के अवकाश के दिन सरहदी बाड़मेर में पानी के महकमे के ग्राउंड ज़ीरो से लेकर आला अधिकारियों का अमला जलदाता हैडपम्प के खास अभियान में जुटा नजर आया। इस खास अभियान में जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी कई स्थानों पर विभाग के अधिकारी ग्राउंड ज़ीरो पर इस निरीक्षण में शामिल हुए। 

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के लाइनमैन से लेकर भारतीय प्रशासनिक अधिकारी स्वयं जिले के विभिन्न इलाकों के हैडपम्प की सेहत को जाँचने पहुँचे। एक ही दिन में सैकड़ों हैंडपम्प की ना केवल जाँच की गई बल्कि खराब हैंडपम्प को हाथोंहाथ दुरस्त भी किया गया। 


जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता हजारी राम बालवा ने बताया कि राज्य के प्रमुख शासन सचिव के निर्देशानुसार संपर्क पोर्टल पर दर्ज हैंडपम्प मरम्मत से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग बाड़मेर द्वारा रविवार को बाड़मेर जिले भर में विशेष अभियान चलाया गया। 

जिले के मुख्यालय से लेकर अंतिम छोर पर बसे गाँव ढाणी तक के लिए शुरू किए गए इस खास इस अभियान के तहत विभिन्न खण्ड मुख्यालयों एवं अतिरिक्त खण्ड मुख्यालयों की टीमों ने एक साथ सक्रिय होकर सैकड़ों हैंडपम्पों की जांच की। 

विभाग की टीम के साथ आधा दर्जन जगहों पर पहुँच कर भारतीय प्रशासनिक के सेवा अधिकारी और बाड़मेर के उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर ने ग्रामीण इलाकों में स्वयं हैंडपंप चलाकर पानी की उपलब्धता की जांच करते नजर आए। वही बायतु तहसीलदार मोनालिसा देथा ने भी विभाग के अधिकारियों के साथ एक दर्जन के करीब जगहों पर जाकर हैडपम्प की जांच की। 

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आईईसी कॉर्डिनेटर अशोक सिंह ने बताया कि इस खास अभियान के दौरान जिन जगहों पर हैंडपम्पों में मामूली खराबी पाई गई, उन्हें मौके पर ही दुरस्त करवा दिया गया, जिससे तत्काल पेयजल आपूर्ति सुचारू गई। 

वहीं जो हैंडपम्प पूरी तरह से अनुपयोगी या ड्राई (सूखे) पाए गए, उनकी पृथक रिपोर्ट तैयार कर विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर अनुपयोगी हैडपम्प की जगह पर वैकल्पिक व्यवस्था या नए हैंडपम्प स्थापित किए जा सकें। 

रविवार के पूरे दिन चले इस व्यापक अभियान की मॉनिटरिंग बाड़मेर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग वृत बाड़मेर के अधीक्षण अभियंता हजारी राम बालवा द्वारा की गई। 

बालवा ने सभी फील्ड टीमों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और आमजन को प्राथमिकता के आधार पर राहत पहुंचाई जाए।

जिले में अभियान का इस गर्मियों में मिलेगा बड़ा फायदा: बाड़मेर जिले में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा रविवार को शुरू किए गए इस विशेष अभियान का सबसे बड़ा लाभ बाड़मेर जिले के दुरस्त ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को मिलने वाला है। 

गर्मी के मौसम में अक्सर पेयजल संकट गहराता है और हैंडपम्प खराब होने पर बाड़मेर के विभिन्न गाँवो ग्रामीणों को दूर-दूर तक पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है। ऐसे में समय रहते हैंडपम्पों की मरम्मत और जांच से जल आपूर्ति सुचारू बनी रहेगी। इसके अलावा, इस अभियान से पेयजल संकट की स्थिति बनने से पहले ही समाधान हो सकेगा। 

ग्रामीणों को साफ और सुलभ पानी उपलब्ध होगा और जल स्रोतों की वास्तविक स्थिति का आंकलन जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को मिल सकेगा। विभाग द्वारा टैंकरों से पेयजल परिवहन से पहले भविष्य की योजनाओं के लिए सटीक डेटा तैयार हो जाएगा। 

जिससे जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के इस त्वरित और समन्वित प्रयास से आने वाले दिनों में बाड़मेर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। जिससे आमजन को विशेषकर गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलना तय है।