बालोतरा ।
जिला प्रशासन द्वारा नवाचार करते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से जनगणना- 2027 के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शहर एवं कस्बों में प्रतिदिन घर-घर पहुंचने वाले इन वाहनों के जरिए आमजन को जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बालोतरा जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने जनगणना - 2027 के तहत शुरू हुए स्व-गणना चरण में स्वयं भाग लेते हुए अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण की। इस दौरान उन्होंने जिले के नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।
जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना पूर्ण की। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे 1 से 15 मई 2026 के बीच अधिकतम संख्या में स्व-गणना कर इस प्रक्रिया को सफल बनाएं।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं आवास गणना से संबंधित है, जिसमें नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी गई है। 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। स्व-गणना प्रक्रिया में मात्र 10 मिनट का समय लगता है और सफल सबमिशन के बाद नागरिकों को एक विशिष्ट एसई आईडी प्राप्त होती है, जिसे प्रगणक को दिखाना आवश्यक होगा।
जिला कलेक्टर यादव ने बताया कि स्व-गणना के लिए आमजन को निर्धारित 9 चरणों का पालन करना होगा, जिसमें पोर्टल लॉगिन, परिवार पंजीकरण, ओटीपी सत्यापन, स्थान विवरण, मानचित्र पर घर का चिन्हांकन, प्रश्नावली भरना, डेटा समीक्षा, अंतिम सबमिशन और प्रगणक द्वारा सत्यापन शामिल हैं।
जिला जनगणना अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, क्योंकि ये प्रतिदिन हर गली- मोहल्ले तक पहुंचते हैं। इनके माध्यम से दिए जा रहे संदेश आमजन तक सीधे और प्रभावी रूप से पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में यह पहल काफी कारगर साबित हो रही है।
