पुलिस के अनुसार डाबड़ गांव निवासी दीपाराम (28) पुत्र भीखाराम अपने साथी प्रकाश के साथ पिकअप गाड़ी से गुड़ामालानी से गांधव की ओर जा रहा था। इसी दौरान ढीबड़ी आलमजी मंदिर के पास अचानक सड़क पर गाय आ गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी पलटकर सड़क किनारे करीब 5 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भयावह था कि दीपाराम पिकअप के नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं उसके साथ मौजूद प्रकाश को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गुड़ामालानी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से वाहन के नीचे दबे शव को बाहर निकाला। शव को गुड़ामालानी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
घायल साथी प्रकाश ने बताया कि अचानक गाय के सामने आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार दीपाराम प्याज का कारोबार करता था। वह अक्सर गुड़ामालानी से गांधव होते हुए सांचौर और जालोर क्षेत्र में प्याज खरीदने जाता था और उसे स्थानीय स्तर पर बेचता था।
मृतक की शादी करीब 6 साल पहले हुई थी और उसके परिवार में पत्नी सहित दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
