शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे पीड़ित महिला के परिजनों ने आरोपी को एक होटल से रंगे हाथों पकड़ लिया। उस समय भी आरोपी पुलिस की वर्दी में था। परिजनों ने उसे पकड़कर तुरंत जसोल थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी पुलिस प्रोफाइल बनाकर सक्रिय था। वह युवतियों और महिलाओं को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता और बातचीत शुरू कर खुद को पुलिस विभाग में तैनात बताता था। भरोसा जीतने के बाद वह दोस्ती बढ़ाता और फिर मिलने के बहाने उन्हें होटल या अन्य जगहों पर बुलाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वहां पहुंचने के बाद महिलाओं को डराकर ब्लैकमेल करता और पैसों की मांग करता था। एक पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे पुलिस की धौंस दिखाकर होटल में बुलाता, शराब पीने का दबाव बनाता और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था।
डर और दबाव में आकर पीड़िता कई बार आरोपी से मिलने को मजबूर हुई और कुल 3 लाख 75 हजार रुपए उसे दे दिए। इसके बावजूद आरोपी की मांगें खत्म नहीं हुईं। वह तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर लगातार पैसे मांगता रहा।
आखिरकार, जब आरोपी ने महिला को दोबारा होटल बुलाया, तो पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जसोल थाना पुलिस अब आरोपी के मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरीके से अन्य महिलाओं को भी निशाना बनाया हो सकता है।
