बाड़मेर में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां चोर ने पुलिस थाना परिसर को ही निशाना बना डाला। सदर थाना में जब्त खड़ी बाइक को एक आरोपी दिनदहाड़े बिना चाबी के खींचकर ले गया। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की बाइक भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, घटना 21 अप्रैल की है जब आरोपी दोपहर के समय सदर थाना परिसर में पहुंचा। यहां खड़ी जब्त बाइक को उसने बिना चाबी के ही धीरे-धीरे खींचकर बाहर निकाल लिया और मौके से फरार हो गया। घटना का पता चलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
कोतवाली इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि थाना परिसर से बाइक चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया। मामले की जांच के लिए एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की हरकत कैद हो गई। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान मांगीलाल पुत्र नारायण दास, जाति जटिया, निवासी जोगियों की दड़ी, पुलिस थाना सदर बाड़मेर के रूप में हुई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली। फिलहाल आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में और भी मामलों का खुलासा हो सकता है।