बालोतरा
भारतमाला एक्सप्रेसवे के किनारे ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़!, पुलिस ने ड्रग माफिया आरोपी पिता पुत्र को किया गिरफ्तार
बालोतरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए भारतमाला एक्सप्रेसवे के किनारे ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने की महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ड्रग माफिया आरोपी पिता पुत्र को गिरफ्तार करने के साथ ही भारी मात्रा में रसायन उपकरण व डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
6 अप्रैल सोमवार को गश्त व चेकिंग के शिशपालसिंह आरपीएस (प्रशिक्षु) को प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर सरहद कुड़ी में आरोपी ओमप्रकाश व सुभाष के रहवासी घर पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान चार किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर आरोपी ओमप्रकाश व सुभाष को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया गया।
दौराने पूछताछ आरोपी ओमप्रकाश द्वारा अपने रहवासी घर के पास बने बाड़े में अवैध एमडीएमए बनाने में प्रयुक्त रसायन व सामग्री के संबंध में जानकारी दी गई। उक्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश देकर अवैध एमडीएमए निर्माण में प्रयुक्त रसायन, बड़े-बड़े ड्रम्स, जरिकेन, टब, जग, ट्रे, जार, छलनी, प्लास्टिक के पाउच, गैस सिलेण्डर सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
आरोपी ओमप्रकाश व सुभाष ने पूछताछ में बताया कि आरोपी सुरेश कुमार विश्नोई निवासी कुडी द्वारा अवैध एमडीएमए बनाने में प्रयुक्त रसायन व अन्य सामग्री उनके घर के पास बने बाड़े में रखी जाती है। आवश्यकता अनुसार रात्रि के समय उक्त रसायनों से अवैध एमडीएमए तैयार कर तत्काल आगे सप्लाई कर दी जाती है।
इसके बदले आरोपी सुरेश कुमार विश्नोई द्वारा ओमप्रकाश व सुभाष को उनके घर पर अवैध एमडीएमए निर्माण एवं सामग्री रखने तथा सहयोग के लिए मोटी रकम दी जाती है। इसके अतिरिक्त, आरोपी ओमप्रकाश व सुभाष द्वारा भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर ट्रक चालकों को अवैध डोडा पोस्त बेचना भी बताया गया है।
इसी उद्देश्य से वे पिसा हुआ एवं मूल डोडा पोस्त अपने पास रखना स्वीकार किया है। इस संबंध में पचपदरा थाने में पुलिस ने मामला दर्ज कर पदार्थ तस्करी नेटवर्क व वित्तपोषण के संबंध में गहनतापूर्वक अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।
बालोतरा पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा रमेश कुमार ने बताया कि नशाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण एवं उन्मूलन हेतु पुलिस मुख्यालय की मंशा अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम एवं मादक पदार्थ तस्करों के विरूद्ध प्रभावी कानूनी कार्यवाही हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन विषभंजन" के तहत जारी दिशा-निर्देशानुसार पुलिस टीम द्वारा दो अलग-अलग कार्यवाही करते हुए आरोपी के घर में छुपाकर रखे हुए अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त व भारतमाला एक्सप्रेस-वे के किनारे घर के पास बने बाड़े से अवैध एमडीएमए बनाने में प्रयुक्त रसायन, बड़े-बड़े ड्रम्स, जरिकेन, टब, जग, ट्रे, जार, छलनी, गैस सिलेण्डर इत्यादि प्रयुक्त सामग्री जब्त करते हुए ड्रग्स फैक्ट्री सेटअप का भंडाफोड कर ड्रग्स माफिआ आरोपी पिता-पुत्र ओमप्रकाश व सुभाष को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई।
