बालोतरा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए अवैध डोडा पोस्त के निस्तारण की इस बड़ी कार्रवाई की। 


बालोतरा जिले के बालोतरा, सिवाना, गिड़ा, मण्डली, कल्याणपुर और आरजीटी नगर थानों मे दर्ज कुल 18 प्रकरणों में जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया गया। पुलिस द्वारा डोडा पोस्त का कुल वजन लगभग 51.83 क्विंटल नष्ट किए गए। इसके साथ ही लगभग 35 ग्राम स्मैक (पैकेट सहित) को भी नष्ट किया गया। यह पूरी प्रक्रिया जिला स्तरीय डीडीसी कमेटी की निगरानी में औद्योगिक क्षेत्र, बालोतरा के द्वितीय चरण में संपन्न हुई। 

निस्तारण से पहले विधिवत मादक पदार्थों का माप-तौल किया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया गया।

पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 01 अप्रैल 2026 से विशेष अभियान चलाया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह आरपीएस के सुपरविजन में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। निस्तारण से पूर्व सभी जब्त पदार्थों का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही एफएसएल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही उन्हें नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। यह सुनिश्चित किया गया कि हर कदम कानूनी प्रावधानों के अनुरूप हो ताकि साक्ष्य की शुद्धता और प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहे।

इस कार्रवाई का उद्देश्य न केवल अवैध मादक पदार्थों को समाप्त करना है बल्कि समाज में नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश देना भी है। पुलिस के अनुसार आने वाले समय में भी ऐसे अभियानों के जरिए पुलिस अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने और सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में लगातार कार्य जारी रहेगा।