पुलिस के अनुसार BAP नेता अशोक निनामा के 28 वर्षीय भाई अनिल को सोमवार देर रात खमेरा थाना क्षेत्र के कलिमगरा इलाके में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया। परिजन उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बांसवाड़ा रेफर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। अशोक निनामा के मुताबिक, रात करीब 2 बजे गांव के सरपंच प्रकाश का फोन आया था। सरपंच ने उनसे पूछा कि उनका भाई कहां है और फिर खुद ही उसकी लोकेशन बताते हुए कहा कि “अनिल यहां पड़ा है, आकर ले जाओ।”
परिजन जब बताए गए स्थान काली मगरी के पास पहुंचे तो झाड़ियों से अनिल की चीखने की आवाज सुनाई दी। अशोक के अनुसार, अनिल “बचाओ-बचाओ” चिल्ला रहा था और बेहद गंभीर हालत में था। उसने बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे से कुछ लोगों ने उसे घसीट-घसीटकर बेरहमी से पीटा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनिल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने अस्पताल में ही उसका बयान भी दर्ज किया था।
घाटोल डिप्टी महेंद्र मेघवंशी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं जिले के एसपी सुधीर जोशी का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और कॉल डिटेल्स समेत अन्य साक्ष्यों की गहन जांच जारी है।
