पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर शहर में मंगलवार दोपहर शहर के पुराने पावर हाउस में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों को जान बचाकर बाहर भागना पड़ा। हादसे के बाद शहर के आधे हिस्से की बिजली सप्लाई करीब दो घंटे तक पूरी तरह बंद रही।
यह हादसा शहर के राय कॉलोनी रोड स्थित पुराने बिजली घर में हुआ, जहां एईएन ऑफिस और डिस्कॉम का सब स्टेशन संचालित होता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑफिस के सामने पड़े पुराने स्क्रैप में आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
ट्रांसफॉर्मर ऑयल और मीटरों ने बढ़ाई आग की भयावहता
बताया जा रहा है कि परिसर में ट्रांसफॉर्मर ऑयल से भरे ड्रम, बिजली मीटर और बिजली लाइनों का सामान रखा हुआ था। आग इन तक पहुंची तो लपटें और तेज हो गईं। कुछ ही देर में आग ऑफिस से सटे दो मकानों तक पहुंच गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 14 से 15 घरों को खाली करवाया। घरों में रखे गैस सिलेंडरों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया, ताकि बड़ा विस्फोट न हो सके। अधिकारियों के अनुसार करीब तीन दर्जन से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
कलेक्टर और एसपी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल और एसपी चूनाराम जाट मौके पर पहुंचे। कलेक्टर ने बताया कि परिसर में पड़े पुराने स्क्रैप में आग लगने से हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि गर्मी और शॉर्ट सर्किट प्रारंभिक कारण माने जा रहे हैं।
एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि आग दोपहर करीब 3 बजे लगी थी। गर्मी और शॉर्ट सर्किट के कारण स्क्रैप में आग लगने की संभावना सामने आई है। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के घरों तक इसकी चिंगारियां पहुंच गई थीं।
कर्मचारी की कार जली, गेट तोड़कर पहुंची फायर ब्रिगेड
आग की चपेट में आकर एक कर्मचारी की कार भी पूरी तरह जल गई। वहीं फायर ब्रिगेड को मौके तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि ऑफिस परिसर में अंदर आने का केवल एक ही रास्ता था। बाद में पीछे के पुराने रास्ते का गेट तोड़कर दमकल वाहनों को अंदर पहुंचाया गया।
आग बुझाने के लिए नगर परिषद, जिला परिषद, केयर्न और एयरफोर्स की फायर ब्रिगेड सहित करीब 12 से ज्यादा दमकल वाहनों को लगाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सब स्टेशन को नुकसान, प्रशासन ने जारी किए निर्देश
एसई अशोक मीणा ने बताया कि आग सबसे पहले स्क्रैप में लगी थी, जिसके बाद पूरा परिसर इसकी चपेट में आ गया। हादसे में सब स्टेशन को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी पावर स्टेशनों को निर्देश जारी किए गए हैं कि जहां भी पुराने स्क्रैप के ढेर पड़े हैं, उन्हें तुरंत हटाया जाए और आग से बचाव के लिए पानी सहित सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
