बाड़मेर ।
जिले में साइबर अपराध की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने म्यूल हंटर के तहत की बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने गत माह एक विशेष अभियान ऑपरेशन म्यूल हंटर चलाकर बाड़मेर साइबर थाना पुलिस ने पुलिस मुख्यालय से प्राप्त संदिग्ध खातों का संबंधित बैंको से रिकार्ड प्राप्त कर विश्लेषण कर संबंधित हल्का क्षैत्र के पुलिस थानों भेजकर प्रकरण दर्ज करवाये गये व प्रतिबिम्ब पोर्टल पर उपलब्ध संदिग्ध मोबाईल नम्बर धारकों के विरूद्व संबंधित थानों में निरोधात्मक कार्यवाही करवाई गई।
इस अभियान के दौरान साइबर अपराध में प्रयुक्त संदिग्ध बैंक खाता धारकों द्वारा अपने नाम से बैंक में खाते खोल कर लालच में आकर अपने खाते कमीशन पर दिये गये है जिनमें साईबर फ्राॅड की राशि का लेन-देन किया गया। जिसके चलते पुलिस नामजद कई आरोपियों द्वारा बैंक खातों को साइबर अपराध में प्रयुक्त करने हेतु उपलब्ध करवाने वाले अन्य सहयोगियों के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है।
बाड़मेर जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने जानकारी देते हुए बताया कि महानिदेशक पुलिस साईबर क्राईम एवं तकनीकी सेवाऐं, राजस्थान जयपुर के आदेश की पालना में निर्देशानुसार जिले में विशेष अभियान ‘‘म्यूल हंटर’’ के तहत कार्यवाही करते हुए नितेश आर्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाड़मेर के सुपरविजन में साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते उपलबध करवाने वाले म्यूल खाता धारकों के विरूद्ध कार्यवाही कर जिले में 06 आपराधिक प्रकरण दर्ज किये गये व 49 संदिग्ध खाताधारकों, 36 मोबाईल नम्बर धारकों व 01 संदिग्ध चैक विड्राॅल करने वाले के विरूध निरोधात्मक कार्यवाही कर पाबंद करवाया गया।
आमजन से अपीलः
◆ किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम, चेकबुक या सिम कार्ड उपयोग हेतु न दें।
◆ कमीशन/लाभ के लालच में आकर अपने खाते या सिम को किसी को देना आपको भी अपराधी बना सकता है।
◆ यदि आपने गलती से अपना खाता/सिम किसी को दिया है और अब आपको जानकारी हुई है कि उसका उपयोग साइबर अपराध में हो रहा है, तो तुरंत संबंधित जानकारी (व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर, लेन-देन विवरण आदि) के साथ नजदीकी पुलिस थाना या साइबर थाना में रिपोर्ट करें।
◆ यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति बैंक खाते किराए पर लेने या इस प्रकार के अवैध कार्यों में संलिप्त है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस/साइबर थाना को दें।
◆ आपका बैंक खाता/सिम कार्ड - आपकी जिम्मेदारी
◆ थोड़ा सा लालच, बना सकता है आपको साइबर अपराधी
साइबर अपराध से बचाव हेतु सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत जिला पुलिस को देवें। किसी भी प्रकार का साइबर फ्राॅड होने पर साइबर हेल्पलाईन नम्बर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करे।
