जानकारी के अनुसार, पुलिस को नशे की खेप और हथियारों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर एसपी हरिशंकर के निर्देश पर नेशनल हाईवे-911 (श्रीगंगानगर-खाजूवाला मार्ग) पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर ट्रैक्टर-ट्रॉली और बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया।
इसी दौरान अनूपगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में एक लग्जरी कार आती दिखाई दी, जिसका पुलिस पहले से पीछा कर रही थी। जैसे ही तस्करों ने सामने नाकाबंदी देखी, उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। टक्कर इतनी तेज थी कि कार मौके पर ही बंद हो गई।
कार रुकते ही दोनों तस्कर बाहर निकलकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में नशे और हथियारों की खेप बरामद हुई।
बरामद सामग्री में:
1.50 किलो हेरोइन
1 किलो अफीम
5 विदेशी पिस्टल
72 जिंदा कारतूस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से भेजी गई थी। गिरफ्तार दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं और इनके तार अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है।
पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से सीमा पार से चल रहे ड्रग्स और हथियार तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।
