बाड़मेर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला-बाड़मेर द्वारा राष्ट्रीय गौरव, अदम्य साहस एवं स्वाभिमान के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती तथा ऐतिहासिक हल्दीघाटी युद्ध के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शौर्यगाथा नामक वैचारिक संगोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम 09 मई 2026, शनिवार को प्रातः 10:30 बजे स्थानीय माधव महाविद्यालय, महाबार रोड, बाड़मेर में आयोजित होगा।
अभाविप जोधपुर प्रांत सहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि "शौर्यगाथा" कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय इतिहास की गौरवशाली परंपराओं, राष्ट्रभक्ति, त्याग एवं स्वाभिमान की प्रेरणाओं से जोड़ना है। महाराणा प्रताप का जीवन केवल पराक्रम का प्रतीक नहीं, बल्कि मातृभूमि की रक्षा हेतु समर्पण, आत्मसम्मान और संघर्ष की अमर गाथा है। वर्तमान समय में युवाओं के भीतर राष्ट्रीय चेतना एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।
जिला संयोजक दीपू चौहान ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के माननीय विभाग संघचालक मनोहर लाल बंसल उपस्थित रहेंगे। विशेष उपस्थिति के रूप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जोधपुर प्रांत के प्रान्त संगठन मंत्री उपमयु सिंह राणा सहभागिता करेंगे। साथ ही राजकीय महाविद्यालय बाड़मेर के सहायक आचार्य खगेन्द्र कुमार भील एवं गणपत सिंह राजपुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने जिले के विद्यार्थियों, युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर राष्ट्रगौरव एवं शौर्य की इस प्रेरणादायी गाथा का सहभागी बनने का आह्वान किया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जोधपुर प्रांत सहमंत्री विजय शर्मा,जिला संयोजक दीपू चौहान, नगर सहमंत्री अजयपाल सिंह लुणु ने प्रेसवार्ता कर विस्तार से जानकारी दी।
