बालोतरा।



पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री, बाड़मेर-जैसलमेर-बालोतरा के पूर्व सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय के पश्चात गुरुवार को अपने तीन दिवसीय संसदीय क्षेत्र प्रवास के प्रथम दिन जोधपुर से बालोतरा तक विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों द्वारा जगह-जगह आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

जोधपुर से बालोतरा तक रास्ते में जगह-जगह पर स्वागत:  पश्चिम बंगाल प्रवास के पश्चात आज प्रातः जोधपुर सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतक समर्थकों द्वारा कैलाश चौधरी का आत्मीय स्वागत किया गया। पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। इस दौरान सर्किट हाउस परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश भी दिया गया। इसके पश्चात जोधपुर सर्किट हाउस से प्रस्थान करने पर शहर सहित बोरानाडा, भांडू, डोली, कल्याणपुर, सरवड़ी एवं कुड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने पुष्पमालाओं एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया।

माँ के मंदिर में दर्शन, कार्यकर्ताओं में उत्साह: अपने पैतृक क्षेत्र पचपदरा विधानसभा के घड़ोई नाडी पहुंचकर कैलाश चौधरी ने सिद्ध श्री जसनाथ जी महाराज मंदिर एवं पूज्य चुकी माताजी मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद गृह क्षेत्र बालोतरा पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कैलाश चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं, क्षेत्रवासियों एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का यही स्नेह, विश्वास एवं आत्मीयता उन्हें निरंतर जनसेवा और संगठन कार्य के लिए प्रेरित करती है।

प्रधानमंत्री मोदी में जनता का विश्वास : बालोतरा प्रवास के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विभिन्न संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों एवं क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। साथ ही पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक विजय को संगठन की सामूहिक शक्ति, कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास की जीत बताया। प्रवास के दौरान कैलाश चौधरी ने संसदीय क्षेत्र की पचपदरा विधानसभा स्थित प्रसिद्ध श्री जैन श्वेताम्बर नाकोड़ा पार्श्वनाथ तीर्थ पहुंचकर श्री नाकोड़ा भैरव जी मंदिर में दर्शन किए तथा प्रदेश एवं देशवासियों की खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर समिति द्वारा उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

प्रवास कार्यक्रम के अंतर्गत सायंकाल जसोल धाम, ब्रह्मधाम आसोतरा एवं विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन किए। वहीं रात्रि में साजियाली पदमसिंह में आयोजित रात्रि चौपाल कार्यक्रम में भाग लेकर आमजन एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।