रिफाइनरी में आगजनी की घटना के बाद कल 21 अप्रैल को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी प्रेसवार्ता में कहा था कि "पुरानी रिफाइनरी में आग लग सकती है। लेकिन, इस तरह नई रिफाइनरी में आग नहीं लग सकती।" 

आज चूरू की कृषि उपज मंडी में आयोजित "शौर्य के साथ संकल्प दिवस कार्यक्रम" में रिफाइनरी पर बोलते हुए CM भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर गंभीर आरोप लगाए।

CM ने लगाया रिफाइनरी में घोटाले का आरोप
भजनलाल शर्मा ने कहा कि मैं इनसे पूछना चाहता हूं कि "इन्होंने रिफाइनरी के नाम पर किस तरह के घोटाले किए थे ? जमीनों के सौदे किए थे, उसमें काम करने वाला कौन था ? कांग्रेसी लोग तरीके से काम कर रहे थे, गहलोत साहब जरा उनका भी हिसाब ले लीजिए कि उनका हिसाब हमें किस तरह से लेना है ? वहां की जनता जानती है, आज भी वहां की जनता कहती है कि इन्होंने किस तरीके वहां घोटाले किए है।"

रिफाइनरी पर राजनीति कर रही कांग्रेस
CM ने कहा कि "आपने देखा, हमारी रिफाइनरी का उद्घाटन होने वाला था। किसी घटना की वजह से रिफाइनरी में उद्घाटन आगे गया है। लेकिन, कांग्रेस के लोगों को देखिए राजस्थान के ऐसे अच्छे सयंत्र जो आते हैं, उस पर भी राजनीति करते हैं।"

भजनलाल शर्मा ने कहा कि "किस तरह की राजनीति करते है, हम जानते हैं कि जब उनकी सरकार 2013 में जाने वाली थी, चुनाव की आचार संहिता से 5 दिन पहले उन्होंने उद्घाटन किया।"

4 से 5 साल तक रिफाइनरी को लटकाए रखा
भजनलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि "आपने 4 से 5 साल रिफाइनरी को लटका कर रखा। इसके बाद 2018 में देश के प्रधानमंत्री ने रिफाइनरी का उद्घाटन किया, उसमें सुधार किया। राजस्थान की हिस्सा जो लंबे समय तक राजस्थान की सरकार को मिलेगा, 26% जो देश के प्रधानमंत्री ने किया।" और आज में आपसे कह सकता हूँ कि कुछ दिनों में हमारी रिफाइनरी का उद्घाटन होगा और देश के लिए ये रिफाइनरी सबसे बड़ी रिफाइनरी है। प्रदेश के लिए नहीं, ये देश के लिए बड़ा काम होगा।"