राजस्थान के डीग जिले के सीकरी थाना क्षेत्र के गमोडकी गांव में जमीन विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। बुधवार रात करीब 11 बजे गांव के ही कुछ युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि 46 वर्षीय किसान जगतार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, एक महीने पहले खरीदे गए 200 गज के प्लॉट को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। मृतक के छोटे भाई जगजीत सिंह ने आरोप लगाया कि गांव के अमरीक सिंह, जसवंत सिंह, राजू और सुखविंदर इस जमीन पर कब्जा करना चाहते थे।
बुधवार रात चारों आरोपी उनके घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इस पर जगतार सिंह उन्हें समझाने के लिए घर से बाहर आया और गाली देने से मना किया। इसी दौरान आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और सुखविंदर ने कट्टा निकालकर उसकी जांघ पर गोली मार दी।
गंभीर हालत में परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल जगतार के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है।
मृतक जगतार सिंह खेतीबाड़ी करता था और उसके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। हत्या के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं, जबकि एक आरोपी उनका दोस्त है।
सीकरी थाने के एसएचओ मुकेश चैंची ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।