बालोतरा।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पचपदरा में आयोजित 35वीं रीजनल स्पोर्ट्स मीट का समापन समारोह गुरुवार को हर्षाेल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। 21 से 23 अप्रैल तक आयोजित इस बास्केटबॉल खेल महोत्सव में करनाल, उदयपुर एवं जयपुर क्लस्टर के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के कुल 72 बालक एवं 72 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन एवं टीम वर्क का परिचय दिया। विशेष रूप से अंडर-17 बालक वर्ग के मुकाबले बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहे, जिनका दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया।
समापन समारोह का आयोजन भव्य मार्च-पास्ट के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अनुशासित पंक्तियों में चलते हुए पूरे उत्साह और गर्व के साथ अपनी भागीदारी का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को मुस्कुराते हुए विदाई दी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि हरीश चंद्र सिंह जसोल ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों, विजेता टीमों एवं ओवरऑल चौंपियन टीम को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित
अंडर-14 बालक- विकास (जयपुर क्लस्टर)
अंडर-14 बालिका- जयश्री (जयपुर क्लस्टर)
अंडर-17 बालक- नवदीप (करनाल क्लस्टर)
अंडर-17 बालिका- नव्या (करनाल क्लस्टर)
अंडर-19 बालक- प्रवीण विश्वकर्मा (जयपुर क्लस्टर)
अंडर-19 बालिका- अंजू (जयपुर क्लस्टर)
प्रतियोगिता परिणाम
अंडर-14 बालक विजेता टीम- जयपुर क्लस्टर
अंडर-14 बालिका विजेता टीम- जयपुर क्लस्टर
अंडर-17 बालक विजेता टीम- उदयपुर क्लस्टर
अंडर-17 बालिका विजेता टीम- करनाल क्लस्टर
अंडर-19 बालक विजेता टीम- जयपुर क्लस्टर
अंडर-19 बालिका विजेता टीम- जयपुर क्लस्टर
सर्वश्रेष्ट टीम- जयपुर क्लस्टर
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और सहयोग की भावना को भी विकसित करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने कक्षा 6 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य हरनाथ सिंह चारण ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत का विशेष आभार जताया, जिनके सहयोग से योग्य शारीरिक शिक्षक एवं कोच उपलब्ध कराए गए।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में खेल समन्वयक के रूप में विद्यालय के शारीरिक शिक्षक निशांत खालिया एवं श्रीमती जयवंती का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन ओमप्रकाश सोनी एवं दीपिका रानी ने किया, जबकि अंत में विद्यालय के उपप्राचार्य कमल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
