जयपुर के आमेर में विदेशी युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जापानी  महिला टूरिस्ट के साथ 5 युवकों ने छेड़छाड़ की। पूरा घटनाक्रम CCTV कैमरे में कैद हो गया। अब पुलिस असामाजिक तत्वों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक जापानी महिला टूरिस्ट जयगढ़ फोर्ट की पहाड़ी पर घूमने गई थी। आमेर थाना SHO गौतम डोटासरा का कहना है कि जापान से राजस्थान भ्रमण को आई महिला टूरिस्ट रविवार सुबह जयगढ़ महल देखने पहुंची थी। महिला टूरिस्ट महल के पास गणेश मंदिर की ओर जा रही थी। सुनसान रास्ते में अकेला पाकर 5 लड़कों ने उसे रोक लिया  और महिला टूरिस्ट के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की।

युवती ने मचाया शोर, भाग खड़े हुए आरोपी
पुलिस का कहना है कि पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया और वहां से भागकर महिला टूरिस्ट सिक्योरिटी गार्ड के पास पहुंची और गार्ड को घटना के बारे में बताया। गार्ड ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। युवती के शोर मचाने और गार्ड को आता देख पांचों आरोपी मौके से भाग खड़े हुए।

CCTV में कैद हुए बदमाश
महिला टूरिस्ट 3 दिन पहले जापान से राजस्थान घूमने आई थी। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरे खंगाले तो फुटेज में 5 संदिग्ध युवक पहाड़ी से नीचे उतरते कैद हुए है। हुलिए के आधार पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पुलिस गाइड्स के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।

महिला टूरिस्ट की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
SHO गौतम डोटासरा के मुताबिक महिला टूरिस्ट की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।