चौहटन डीएसपी जेठाराम ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान पाकिस्तान के मीठी शहर निवासी आवेश पुत्र हजूर खान के रूप में हुई है। बीएसएफ ने उसे पूछताछ के बाद पुलिस को सुपुर्द किया। फिलहाल उसके पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, बीएसएफ को जैसे ही पाकिस्तानी नागरिक के भारतीय सीमा में घुसने की भनक लगी, जवान तुरंत सक्रिय हो गए और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। युवक को भारतीय सीमा में करीब 8 किलोमीटर अंदर से पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस और बीएसएफ की टीमों ने करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि युवक किसी नेटवर्क या संदिग्ध गतिविधि से जुड़ा हो सकता है। इसी संभावना को देखते हुए उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। बीएसएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
दरअसल, यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब करीब एक महीने पहले ही बाड़मेर में पाकिस्तान से आई मेटाफेटामाइन (क्रिस्टल मेथ) ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ था। 9 अप्रैल को दो तस्करों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सामने आया था कि पाकिस्तानी तस्कर मसात खुद तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में आया था। उसने तारबंदी से करीब 150 मीटर दूर रेत में 5 किलो ड्रग्स दबाकर उसकी लोकेशन शेयर की थी। बाद में स्थानीय तस्करों ने ड्रग्स उठाकर आगे सप्लाई की थी।
इस खुलासे के बाद से ही सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। ऐसे में अब पाकिस्तानी युवक के भारतीय सीमा में घुसने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक गलती से सीमा पार कर आया या इसके पीछे कोई बड़ा मकसद था।
