जोधपुर के पेट्रोल पंप के सामने खड़ी कार में अचानक आग लगने से कार सवार व्यापारी जिंदा जल गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। जब कार की आग बुझी तो कार में व्यापारी का शव पूरी तरह से जला हुआ मिला। घटना जोधपुर के बोरानाडा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब पौने 12 बजे घटी।
बोरानाडा थाना के कांस्टेबल ललित के मुताबिक कार के नंबर के आधार पर कार सवार मृतक की पहचान बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना निवासी भरत लूनिया (40) के रूप में हुई है। जो जोधपुर के बासनी में रह रहा था। मृतक की शिनाख्त के लिए परिजनों को सूचना दी गई है। परिजनों के आने के बाद डीएनए सैंपल लेकर शव की शिनाख्त की जाएगी।
कार का दरवाजा खुला ही था
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान कार का दरवाजा खुला हुआ था और व्यापारी सीट को पीछे करके आराम कर रहा था। परिजनों का कहना है कि भरत सुबह 9 बजे के करीब घर से निकला था। इसके बाद से उसका फोन बंद था। कार सड़क से उतरकर कच्चे रास्ते पर खड़ी की हुई थी।
हादसे की जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
बोरानाडा पुलिस के हेड कांस्टेबल अरविंद मीणा ने बताया कि बोरानाडा के भांडू पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी मारुति 800 कार के अचानक आग लग गई। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, आग लगने के पीछे क्या कारण रहे, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर बोरानाडा हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है।
सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मी
फायरमैन जसराज का कहना है कि सुबह 11:42 बजे हमें भांडू पेट्रोल पंप के पास एक कार के आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंची और अगले 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया था। आग कैसे लगी, इसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है।
