बालोतरा 

अवैध बजरी खनन के विरूद्ध पुलिस ने की कार्यवाही, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेसीबी मशीन को किया जप्त



बालोतरा जिले के समदड़ी थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन जप्त करने के साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

बालोतरा पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन के कारोबारियों पर विधिक शिकंजा कसने एवं अवैध खनन के सभी संदिग्ध ठिकानों को ध्वस्त कर अवैध खनन की पूर्ण रोकथाम करने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के समदड़ी थानाधिकारी नरपतदान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए थाना समदड़ी क्षेत्र के सरहद सिलोर से अवैध बजरी खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को जब्त कर जेसीबी चालक आरोपी मनीष खान एवं प्रेमसिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई।

दरसअल जिले में अवैध बजरी खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना समदड़ी की पुलिस टीम गश्त करते हुए सरहद सिलोर पहुंची। इस दौरान सूचना प्राप्त हुई कि लूणी नदी के बहाव क्षेत्र में एक जेसीबी मशीन द्वारा अवैध बजरी का खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां एक बिना नंबर की जेसीबी मशीन खड़ी मिली। मौके पर मौजूद चालक को दस्तयाब कर पूछताछ की गई। जिसने अपना नाम मनीष खान पुत्र गाजी खान, जाति तेली, उम्र 21 वर्ष, निवासी जसोड़ों की बेरी, थाना गिड़ा, जिला बालोतरा होना बताया।

पूछताछ में आरोपी ने लूणी नदी के बहाव क्षेत्र में अवैध बजरी खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाना स्वीकार किया। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पुलिस वाहन को देखकर बजरी नदी में खाली कर मौके से फरार हो गया। मौके पर आवश्यक जब्ती की कार्यवाही की गई तथा आरोपी मनीष खान को विधि सम्मत रूप से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है। इसी क्रम में प्रकरण हाजा में संलिप्त आरोपी प्रेमसिंह को उसके निवास स्थान पर दबीश देकर सिलोर से गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस में इस पूरे मामले को लेकर जांच पड़ताल शुरू दी है।