शिव विधायक रविंद्रसिंह भाटी की सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों को हटाए जाने के बाद विधायक रविंद्रसिंह भाटी की पगली प्रतिक्रिया सामने आई है।

भाटी ने कहा कि “सिक्योरिटी-विक्योरिटी की बात करें तो जो भी पीएसओ थे। उन्हें मैसेज आया कि साहब, आप लोगों को वापस लाइन में तलब किया गया है। जब पूछा कि ऐसा क्यों किया गया ? तो बताया गया कि साहब, आपकी पूरी सिक्योरिटी हटा दी गई है। मैंने कहा ठीक है।"



भाटी ने कहा कि "चाहे सिक्योरिटी रहे या न रहे। मैं ओरण और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाता रहूंगा। मेरी असली मालिक जनता है और जनता से जुड़ा कोई भी विषय होगा तो मैं उसे जरूर उठाऊंगा। दूसरी बात, ‘जाको राखे साइयां, मार सके ना कोय’ मैं कभी भी ऐसी सिक्योरिटी के भरोसे नहीं रहा। लेकिन, ठीक है, इन्होंने अपना रंग दिखा दिया है। अब मैं आने वाले समय में और मजबूती के साथ जनता की आवाज उठाऊंगा।

भाटी ने कहा कि ये मेरे अपने लोग हैं और इनके लिए हमें लड़ना है। इन्होंने मुझे जिम्मेदारी दी है और मैं अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा से पालन करूंगा। उस दौरान अगर कोई कीमत चुकानी पड़ी तो वह भी चुकाऊंगा, इसमें कोई दिक्कत नहीं है। कल आंदोलन के दौरान भी मैंने कहा था कि मुझे पता है, जैसे ही मैं सड़क पर उतरने की तैयारी करूंगा। मुकदमे, जेल और लाठियां सबका सामना करना पड़ेगा। लेकिन, मैं यह सब अपने लोगों के लिए हंसते-हंसते सहन करूंगा।”