बालोतरा
राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत शनिवार को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण अंचल के अंतिम व्यक्ति तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि बायतु विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत छीतर का पार, खानजी का तला, चौखला, जांगुओं की ढाणी, भीमडा और रेवाली में ग्राम रथ के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। इसी प्रकार सिवाना विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेवाली, सांवरडा, लालाणा और करमावास तथा पचपदरा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत थोब, कुडी, पटाऊ, सरवडी और छाछरलाई कला में भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ग्राम रथ के साथ पहुंचे कला जत्थों ने स्थानीय भाषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी रोचक ढंग से प्रस्तुत की, जिससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। गीत, नाटक और संवाद के जरिए योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया को सहज रूप में समझाया गया, जिससे आमजन को योजनाओं की बेहतर समझ विकसित हो सके।
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि इस दौरान विभिन्न विभागों की कुल 13 योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। इनमें सामाजिक सुरक्षा, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों की प्रमुख योजनाएं शामिल रही।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित जानकारीपूर्ण साहित्य भी वितरित किया गया, ताकि वे योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर सकें और उनका लाभ उठा सकें।
ग्राम रथ अभियान के माध्यम से जहां एक ओर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी मिल रही है, वहीं दूसरी ओर उनके सुझाव एवं समस्याएं भी सीधे प्रशासन तक पहुंच रही हैं। इस पहल से प्रशासन और आमजन के बीच संवाद मजबूत हो रहा है तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायता मिल रही है।
