दरअसल, बुधावार रात निवाई क्षेत्र के केरोद गांव में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया था। इसमें टोंक कलेक्टर टीना डाबी, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे। इसी दौरान गांव के पूर्व सरपंच भंवरलाल यादव संकरे रास्ते की समस्या लेकर पहुंचे।
पूर्व सरपंच ने कहा कि गांव में जिस रास्ते से बसें, चारे की ट्रॉलियां और बारात की गाड़ियां निकलती हैं, वह काफी संकरा है। रास्ता छोटा होने के कारण ग्रामीणों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने कलेक्टर से रास्ते के चौड़ीकरण की मांग की।
बात रखते हुए बुजुर्ग ने कहा, “हम गांव वालों को आपसे बहुत आशाएं हैं। आपका नाम पूरे प्रदेश और देश में है। हम उम्मीद लेकर आए हैं कि हमारी समस्या का समाधान होगा।”
ग्रामीण की यह बात सुनकर कलेक्टर टीना डाबी मुस्कुराईं और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। चौपाल में तालियां बजने लगीं। इस दौरान कलेक्टर ने निवाई विधायक रामसहाय वर्मा की ओर इशारा करते हुए हल्के अंदाज में कहा, “सर के आदेश पर आए हैं।”
इसके बाद कलेक्टर ने मौके पर ही ग्राम विकास अधिकारी को बुलाकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए और रास्ते के चौड़ीकरण को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। चौपाल में प्रशासन के इस त्वरित रवैये से ग्रामीणों में संतोष नजर आया।
गांव के लोगों ने कहा कि लंबे समय से रास्ते की समस्या बनी हुई थी, लेकिन पहली बार प्रशासन ने मौके पर सुनवाई करते हुए समाधान का भरोसा दिया है।
